September 13, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

राजभाषा हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर ‘आवाज़ साहित्यिक संस्था’ द्वारा भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित

1 min read

 

मुनिकीरेती,

आवाज़ साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में राजभाषा हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर ढालवाला, मुनिकीरेती स्थित चंद्रा पैलेस में एक कवि सम्मेलन एवं ‘शिक्षाविद् साहित्यकार स्व. द्वारिका प्रसाद मलासी स्मृति आवाज़ रत्न सम्मान’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, तथा गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति की दर्शनी भंडारी व मीना मेडवान द्वारा पारंपरिक उत्तराखंडी मांगल गीतों की प्रस्तुति के साथ कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल जी द्वारा किया गया।

समारोह के दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजलवान, पावन अतिथि महंत मनोज प्रपन्नाचार्य मुख्य अतिथि योगेश राणा एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का संस्था के पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। संस्था के अध्यक्ष अशोक क्रेजी, सचिव महेश चिटकारिया, प्रबोध उनियाल, आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल, सत्येंद्र चौहान, मनोज मलासी और धनीराम बिंजोला जी ने अतिथियों को फूल-मालाएं पहनाकर और उत्तरीय भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर संस्था द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित नवोदित रचनाकारों का भी आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया। साथ ही, समारोह में विशेष रूप से उपस्थित स्व. द्वारिका प्रसाद मलासी परिवार के सदस्यों का भी संस्था द्वारा स्वागत किया गया।

कवि सम्मेलन के दौरान आमंत्रित कवियों ने अपनी समसामयिक कविताओं से समां बांध दिया। कवियों की इन रचनाओं ने उपस्थित श्रोताओं को पूरी तरह मुग्ध कर लिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस गरिमामयी आयोजन में लोक संस्कृति संवाहिका सुमन गौड़ को शिक्षाविद् साहित्यकार स्व. द्वारिका प्रसाद मलासी स्मृति ‘आवाज़ रत्न सम्मान’ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नीलम बिजल्वान अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, मुनिकीरेती ने की। पावन अतिथि के रूप में शत्रुघ्न मंदिर के महंत मनोज प्रपन्नाचार्य जी और मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख समाज सेवी शल योगेश राणा उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथियों में प्रमुख समाज सेवी व पर्यावरण प्रेमी चंद्रवीर पोखरियाल, गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह कंडियाल आदि ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

यह संपूर्ण आयोजन गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति एवं आवाज़ साहित्यिक संस्था के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ, जिसमें स्थल संयोजन का दायित्व कृष्ण देव व्यास और प्रवीण व्यास ने बखूबी निभाया।

Breaking News