October 15, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, एडीएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

1 min read

 

टिहरी गढ़वाल, 1अगस्त 2026 ( सू. वि.

 

कांवड़ यात्रा-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने यात्रा मार्ग एवं विभिन्न कांवड़ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जुलाई से 10 अगस्त तक संचालित होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

 

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न घाटों पर पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा संचालित लॉपिंग-चॉपिंग कार्य की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने अवगत कराया कि यह कार्य पूर्ण होने की अंतिम अवस्था में है, जिससे यात्रा मार्ग पर विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

अपर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग द्वारा संचालित खोया-पाया केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जानकारी दी गई कि बीते दिवस से आज सायं तक कुल 12 गुमशुदगी के मामले दर्ज हुए, जिनमें सभी श्रद्धालुओं को सकुशल उनके साथियों एवं परिजनों से मिलवा दिया गया है। इस कार्य की उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि खोया-पाया केंद्र कांवड़ यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सुविधा है।

 

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न राज्यों से आए कांवड़ यात्रियों से भी संवाद किया। यात्रियों ने शासन-प्रशासन द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए उत्तराखंड सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि शिविर में कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं प्रतिदिन प्रातः से रात्रि 8 बजे तक उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आशीष चन्द्र घिल्डियाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डी.के. शर्मा, अधिशासी अभियंता सिंचाई कमल सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका मुनिकीरेती बद्री दत्त भट्ट सहित सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

Breaking News