JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने श्रीकोट मेडिकल कॉलेज सभागार में ली बैठक

1 min read

 

*सफाई कर्मियों के सम्मान और सुरक्षा पर फोकस, योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने के आदेश*

 

*सूचना/पौड़ी/06 अप्रैल 2026:*

उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) भगवत प्रसाद मकवाना ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने सफाई कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

 

उपाध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और उनके हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सफाई कर्मियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, बीमा योजनाएं, स्वरोजगार एवं शैक्षिक ऋण आदि की समुचित जानकारी दी जाए, ताकि वे इनका अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

 

मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से वर्दी, सुरक्षा उपकरण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही हर तीन माह में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर उनकी संपूर्ण स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कर्मियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश दिया जाए तथा सभी को समय पर पूर्ण वेतन उपलब्ध कराया जाए। जिन कर्मचारियों के आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड अब तक नहीं बने हैं, उनके कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए। सीवरेज कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए उन्होंने आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उपाध्यक्ष ने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि वाल्मीकि एवं मलिन बस्तियों में नियमित रूप से विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जाए और उन्हें लाभान्वित किया जाए। बैंक अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। नगर निकायों को वाल्मीकि समाज के लिए आवास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने तथा तहसील प्रशासन को पात्र व्यक्तियों के जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने हेतु शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल संस्थान एवं जल निगम को इन बस्तियों में पेयजल समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा गया।

 

इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि जनपद के सभी अस्पतालों में कार्यरत सफाई कर्मियों का अद्यतन विवरण एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराया जाय। बैठक के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया। उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और ‘नमस्ते’ योजना जैसी पहल से उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सफाई कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध रहने को कहा।

 

इस अवसर पर प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. आशुतोष सयाना, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, वित्त अधिकारी प्रशांत शर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, ईओ पौड़ी संजय कुमार, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली सहित अन्य अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may have missed

Breaking News