February 6, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

भौतिक विकास के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा से होगा राष्ट्र निर्माण : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*

1 min read

 

*सेवा , सुशासन और विकास सरकार का लक्ष्य: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी*

*नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन से शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, शिक्षा में नवाचार से पलायन पर लगेगा अंकुश*

*मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, शिक्षा के सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में अहम कदम*

*सूचना/पौड़ी/06 फरवरी 2026:*
इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमकेश्वर पहुंचे। कार्यक्रम से पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्रियों के यमकेश्वर आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात दोनों मुख्यमंत्रियों द्वारा इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया गया।

इंटर कॉलेज यमकेश्वर के परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम उद्देश्य नहीं है, बल्कि यह केवल तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक संजोने का भी कार्य करें। उन्होंने पौराणिक गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुकुल पद्धति व्यक्ति को सशक्त, संस्कारवान एवं पारंगत बनाने का प्रभावी माध्यम थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें अध्ययन के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान पर भी विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्च होनी चाहिए। शिक्षा को संस्कारों से जोड़ते हुए उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ देश व प्रदेश के हित में कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि इस प्रकार के आधुनिक एवं सुदृढ़ शैक्षिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएं, और यह सभी का दायित्व है कि इनका सदुपयोग सुनिश्चित करें। शिक्षा में नवाचार से गांवों का कायाकल्प होगा तथा पलायन पर प्रभावी अंकुश लगेगा। आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि दूसरों पर निर्भर रहने की प्रवृत्ति को त्यागना होगा, तभी सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के देश में प्रेरणास्रोत हैं। यह क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है कि उन्होंने इसी क्षेत्र में अपना बचपन बिताया, प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की और आज देश के सशक्त नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है। उनके कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है और प्रदेश की छवि को नई पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का सशक्त माध्यम है। सनातन संस्कृति में शिक्षा को जीवन निर्माण का आधार माना गया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि संस्कारवान, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण होना चाहिए।

सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित भवन को जनता को समर्पित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि अभिभावक एवं शिक्षक मिलकर विद्यालय में सकारात्मक एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार करें।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 161 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं तथा अध्यापकों की संख्या पूर्ण है। उन्होंने विद्यालय के प्रांतीयकरण हेतु विद्यालय प्रबंधन समिति से प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा, जिस पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि विद्यालय भवन का उद्घाटन क्षेत्र के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के प्रांतीयकरण एवं विद्यालय में विज्ञान विषय की कक्षाएं प्रारंभ कराने की मांग भी रखी।

इस अवसर पर दोनों मुख्यमंत्रियों द्वारा विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 6 के नमन रावत, कक्षा 7 के हर्ष चौहान, कक्षा 8 की आरती चौहान, कक्षा 9 के सचिन बडोला, कक्षा 10 की कु. दीपाली, कक्षा 11 के अभिषेक बडोला तथा कक्षा 12 की कुं. पल्लवी शामिल रहे।

कार्यक्रम में सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह, प्रधानाचार्य मनमोहन सिंह रौतेला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Breaking News