विकसित भारत संकल्प यात्रा में प्रतिभागियों की संख्या बढ़ाना सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी।
1 min read
जनपद पौड़ी गढ़वाल, दिनांक 13 दिसंबर 2023.
उपरोक्त दिशा- निर्देश जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विकसित भारत संकल्प यात्रा की वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनपद में 23 नवंबर 2023 से शुरू हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा के संदर्भ में जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय, विकासखंड स्तर, न्याय पंचायत स्तर और ग्राम पंचायत स्तर के नोडल अधिकारियों को संकल्प यात्रा में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
उन्होंने खंड विकास अधिकारी थलीसैंण,पौड़ी, पोखडा और रिखणीखाल को विकसित द्वारा संकल्प यात्रा के कार्यों में गंभीरता से कार्य नहीं करने के चलते चेतावनी जारी की है साथ ही मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि जिस ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अथवा ग्राम विकास अधिकारी के द्वारा विकसित द्वारा संकल्प यात्रा के कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है उनका स्पष्टीकरण लें तथा यदि स्थिति में सुधार नहीं किया जाता तो उन पर सख्त कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने जनपद स्तर से लेकर विकासखंड, न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर के नोडल अधिकारियों को अगले तीन दिनों की अवधि के भीतर विकसित भारत संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए तथा चेतावनी दी कि यदि कार्य स्थिति में सुधार नहीं किया जाता तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारियों को भी अपने अधीनस्थ विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को संबंधित क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा में नियमित रूप से सम्मिलित होने और अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
विदित है कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ संपूर्ण भारत में जनजातीय बाहुल्य जनपदों से 15 नवंबर से तथा सामान्य जनपदों से 23 नवंबर 2023 से किया जा रहा है और यात्रा 26 जनवरी 2024 तक चलती रहेगी।
इस दौरान वर्चुअल समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडेय, संबंधित खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी से लेकर न्याय पंचायत स्तर, विकासखंड स्तर और ग्राम पंचायत स्तरीय नोडल अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े हुए थे।