अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर वृक्षारोपण व संगोष्ठी का आयोजन
1 min read

ढालवाला / मुनिकीरेती:
गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति, ढालवाला मुनिकीरेती के तत्वावधान में राजीव ग्राम स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पुष्पांजलि कार्यक्रम एवं पौधारोपण का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने टिहरी जनक्रांति के महानायक श्रीदेव सुमन के जीवन, संघर्ष और अद्वितीय बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि टिहरी रियासत की क्रूर राजशाही के खिलाफ 84 दिनों की ऐतिहासिक भूख हड़ताल और उनका बलिदान हमेशा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा व न्याय के लिए प्रेरित करता रहेगा। इसके साथ ही प्रजामंडल की स्थापना, ‘सुमन सौरभ’ पत्रिका के माध्यम से जनजागरण और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह आंदोलन में श्रीदेव सुमन के ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।
दिवंगत सदस्यों की स्मृति में रोपे गए पौधे
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में कई छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए। इस दौरान एक विशेष पौधा समिति के पूर्व अध्यक्ष स्व. आसाराम व्यास जी की पुण्य स्मृति में समर्पित किया गया। इस अवसर पर प्रमुख प्रबुद्ध जनों ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष गजेंद्र कंडियाल, सचिव विशालमणि पैन्यूली, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह भंडारी, महिपाल बिष्ट, घनश्याम नौटियाल, आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल, पर्यावरण वीर कर्ण सिंह बड़थ्वाल, शिक्षाविद, साहित्यकार व लेखक भगतराम बिजलवान तथा डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने विचार व्यक्त किए।
इसके अलावा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रौतेला, नेगी जी, भट्ट जी सहित समिति के अन्य सदस्यों एवं शिक्षकों ने भी अमर शहीद को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
