9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दिनचर्या की शुरुआत योग से की
1 min read

ऋषिकेश 21 जून 2023 ।
9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दिनचर्या की शुरुआत योग से की। इसके बाद आस्था पथ में भी ध्यान मुद्रा लगाकर डॉ अग्रवाल ने योग को प्रतिदिन अपने अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आवाहन किया। इसके बाद डॉ अग्रवाल ने हरिद्वार रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में भाजपा ऋषिकेश जिला की ओर से आयोजित योग कार्यक्रम में योगाभ्यास किया।
विश्व योग दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारतीय सभ्यता, संस्कृति तथा जीवन शैली का अभिन्न अंग रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्थक प्रयासों से योग को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिलना देशवासियों के लिए गर्व की बात है। योग भारत की प्राचीनतम और समृद्ध परम्परा की एक पहचान है। पूरी मनुष्यता को हमारे ऋषि-मुनियों की यह महत्वपूर्ण देन है। योग साधना के द्वारा हम शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि योग के द्वारा आज दुनिया में हमारी विशिष्ट पहचान बनी है। यह आत्मा को परमात्मा से मिलाने का सेतु भी है। योग जोड़ने का कार्य करता है। इसी का प्रतिफल है कि आज दुनिया योग को अपना रही है तथा योग के लिये दुनिया भारत की ओर देख रही है। योग ने देश व दुनिया को स्वस्थता का भी संदेश दिया है। हमारे योगाचार्यों ने भी योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।
डॉ अग्रवाल ने योग को भारत की विशिष्ट पहचान बताते हुए कहा कि योग में मन और चित्त की मलिनता को दूर करने की ताकत है। योग ने मनुष्य की सुख शान्ति की राह प्रशस्त की है। महान ऋषि पतंजलि ने योग के माध्यम से लोगों को जीने की राह दिखाई है। हर मनुष्य का परम लक्ष्य सुख और शांति की प्राप्ति है जिसमें योग की बड़ी भूमिका है।
इस मौके पर हस्त मुद्रा, ज्ञानमुद्रा, वायु मुद्रा, आकाश मुद्रा, शून्य मुद्रा, प्राणायाम आदि योग क्रियाएं की गई। इस मौके पर पर्यावरण को संरक्षित करने का भी संकल्प लिया गया। मौके पर डॉ अग्रवाल ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में अपनाने का आवाहन किया।
