October 2, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

गांधी-शास्त्री जयंती पर पौड़ी में गूंजा सत्य, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश

1 min read

 

*बदलाव की शुरुआत स्वयं से करें, प्रशासन जनता के साथ मिलकर करे कार्य: जिलाधिकारी*

 

*गांधी पार्क में सड़क सुरक्षा पहल का शुभारंभ, खेल के माध्यम से बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी*

 

*सूचना/पौड़ी/02 अक्टूबर 2026:* राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री पंडित लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में श्रद्धा और देशभक्ति के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर, न्यायालय, विकास भवन सहित जिलेभर के सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को स्मरण किया।

 

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान सहित अन्य ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रामधुन’ एवं ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का गायन किया गया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं तथा भातखंडे हिन्दुस्तानी संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आदर्श बाल विद्यालय नंबर-5 के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और आदर्शों पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की, जिसने उपस्थित लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का भाव जागृत किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्रा सृष्टि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

 

जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी हमें सत्य, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का संदेश था कि परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। यदि हम अपने स्तर पर स्वच्छता अपनाएं तथा जरूरतमंदों की सहायता करें और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तो उसका प्रभाव समाज पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिस बदलाव की अपेक्षा हम समाज से करते हैं, उसकी शुरुआत हमें अपने आचरण से करनी चाहिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से ही व्यक्ति और समाज आगे बढ़ सकता है। लाल बहादुर शास्त्री जी का सादा जीवन, सहज व्यवहार और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में भी जनता से निरंतर संवाद और सहभागिता आवश्यक है। प्रशासन को जनता से दूरी बनाकर नहीं, बल्कि जनता के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए। इसी सहभागिता से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

 

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें। देश को आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी के जीवन से हमें सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है।

 

कंडोलिया मैदान के समीप महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

गांधी जयंती के अवसर पर गांधी पार्क में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नई पहल का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने किया। इस अवसर पर आरटीओ बिमल चंद्र पाण्डेय ने जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष को पार्क में प्रदर्शित विभिन्न सड़क संकेतों, यातायात प्रणालियों एवं साइनेज के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। आरटीओ ने अवगत कराया कि सड़क सुरक्षा पार्क का निर्माण जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से किया गया है। उन्होंने बताया कि पार्क के माध्यम से बच्चों और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से देने का प्रयास किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सांप-सीढ़ी के खेल के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न नियमों के बारे में जानकारी ली तथा पहल के संचालन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह की गतिविधियों को उपयोगी बताया।

 

विकास भवन प्रांगण में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात विकास भवन सभागार में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज को नई दिशा प्रदान की, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण एवं कार्यप्रणाली में आत्मसात करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

 

गांधी जयंती के अवसर पर जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाकर अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान किया और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम में प्रशिक्षु एसडीएम मीनाक्षी भाटिया, भातखंडे संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध बिष्ट, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, ग्राम पंचायती राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, पीएम स्वजल दीपक कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम सलोने, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी सहित विकास भवन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रह

Breaking News