JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जौनपुर क्षेत्र में किया रात्रि प्रवास, सुनी जनसमस्याएं*

1 min read

 

टिहरी गढ़वाल, 19 जून 2026 (सू. वि.)

 

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने अपने जौनपुर क्षेत्र भ्रमण के दौरान रात्रि प्रवास कर स्थानीय जनता की समस्याओं को सुना तथा क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर स्थानीय मुद्दों एवं विकास सम्बन्धी आवश्यकताओं की जानकारी ली और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

 

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने देवलसारी स्थित प्राचीन कोणेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किये, साथ ही उन्होंने तेवा, बंगसील, ओन्तण, बुडकोट, पुजाल्डी, मोलघार सहित विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया तथा संचालित होमस्टे संचालन सम्बन्धी जानकारी ली तथा ग्रामीणों से संवाद किया। साथ ही क्षेत्र में संचालित विभिन्न होमस्टे के लाभार्थियों से वार्ता कर पर्यटन गतिविधियों एवं आजीविका संवर्धन की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।

 

स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा थत्यूड़ – देवलसारी एवं थत्यूड़ – किन्सू मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त स्थलों की मरम्मत एवं डामरीकरण, नागटिब्बा-देवलसारी पैदल ट्रैक के सुधार, देवलसारी मंदिर तक पहुंच मार्ग के निर्माण, गांवों को जोड़ने वाले पैदल एवं संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा ककूड़-सिर्वा मोटर मार्ग की मरम्मत एवं नाली निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत खुशी स्वायत्त सहकारिता, खेड़ा में स्थापित फूड बैंक का उद्घाटन भी किया।

 

ग्राम पंचायत ठिक्क में ग्रामीणों से संवाद कर किन्सू, उडारसू एवं दुगड्डा तोकों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विद्यालय को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग भी उठाई।

 

जिलाधिकारी ने धनोल्टी एवं कद्दूखाल में निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

 

इस अवसर पर प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, डीडीओ मो. असलम, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ राजेन्द्र कुमार टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य केसर सिंह एवं अनीस कुमार, ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़, गीता देवी, गजेन्द्र रतूड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता सोमवारी लाल नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

You may have missed

Breaking News