April 17, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

कोटी कॉलोनी में निर्माणाधीन टीएचडीसी (आईएचईटी) परिसर में बहुउद्देशीय हाल, इंडोर गेम्स एवं सभागार के स्थायी निर्माण कार्यो का डीएम ने किया निरीक्षण* 

1 min read

टिहरी गढ़वाल (सू0वि0)17 अप्रैल , 2026

जनपद में प्रस्तावित टीएचडीसी (आईएचईटी) परिसर में बहुउद्देशीय हाल, इंडोर गेम्स एवं अत्याधुनिक सभागार/साइन सेंटर के स्थायी निर्माण को लेकर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने कल देर सायं तक विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र डिबनू, बीपुरम, खांडखाल, कोटी सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय जायजा लिया।

 

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित निर्माण स्थलों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, भूमि की उपलब्धता, सुरक्षा मानकों तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि चयनित स्थल ऐसा हो, जहां विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को अधिकतम सुविधा मिल सके तथा भविष्य में विस्तार की संभावनाएं भी बनी रहें।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बहुउद्देशीय हाल एवं इंडोर गेम्स सुविधा से न केवल तकनीकी संस्थान के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा, बल्कि जनपद में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आधुनिक सभागार/साइन सेंटर के निर्माण से राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन की संभावनाएं भी विकसित होंगी।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करते हुए प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने भूमि चयन, तकनीकी सर्वेक्षण तथा आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधितों द्वारा जिलाधिकारी को प्रस्तावित निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

 

इस अवसर पर हाइड्रो इंजीनियरिंग के डीन शरद प्रधान, अधीक्षण अभियंता लोनिवि केएस नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, अधिशासी अभियंता लोनिवि योगेश कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर सोरभ, डीडीओ एस एस राणा, तहसीलदार धीरज राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

 

 

Breaking News