March 13, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

115 करोड़ रुपये की लागत से होगा आस्था पथ और त्रिवेणी घाट का सौंदर्यीकरण

1 min read

 

ऋषिकेश : 13 मार्च 2026

ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आस्था पथ बैराज से राम झूला तक सीधा संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से चंद्रभागा नदी पर पुल निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सिंचाई विभाग की कार्यदायी संस्था Uttarakhand Project Development and Construction Corporation Limited (UPDCCL) द्वारा पुल निर्माण के लिए लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से टेंडर जारी कर दिया गया है। इस निविदा की वैधता अवधि 90 दिन निर्धारित की गई है।

 

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि यह पुल बनने से आस्था पथ बैराज से राम झूला तक सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, ऐसे में इस पुल के निर्माण से व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ आस्था पथ का धार्मिक एवं पर्यटन महत्व भी और अधिक बढ़ेगा।

 

इसके साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि ऋषिकेश के प्रसिद्ध एवं पौराणिक धार्मिक स्थल त्रिवेणी घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए भी कार्यदायी संस्था UPDCCL द्वारा लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का टेंडर जारी किया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत त्रिवेणी घाट क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विकास, घाटों का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

 

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद ऋषिकेश में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। आस्था पथ पर आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक न केवल गंगा तट के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे, बल्कि सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा भी प्राप्त करेंगे।

 

उन्होंने बताया कि लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से आस्था पथ और त्रिवेणी घाट क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे ऋषिकेश की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी। डॉ. अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा स्थानीय पर्यटन और व्यापार को भी इसका लाभ मिलेगा।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाती रहेगी।

Breaking News