भारत स्काउट एवं गाइड के तृतीय सोपान जांच शिविर का भव्य समापन, प्रतिभागियों को पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने किया पुरस्कृत
1 min read

मुनिकीरेती। भारत स्काउट एवं गाइड, टिहरी गढ़वाल की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय तृतीय सोपान जांच शिविर का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। 15 से 19 नवंबर 2026 तक श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला में आयोजित पांच दिवसीय शिविर का समापन नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
समापन समारोह में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को स्काउट एवं गाइड के माध्यम से अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला सचिव बी.पी. सिंह यादव ने जनपद स्तरीय जांच शिविर की आख्या प्रस्तुत की। साथ ही तृतीय सोपान उत्तीर्ण करने वाले सभी प्रतिभागियों को आगामी राज्य पुरस्कार में प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया गया। जिलायुक्त आर.सी. रतूड़ी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह रावत, जिला प्रशिक्षण आयुक्त के.एल. शाह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड अनिता उनियाल, जिला संगठन आयुक्त गाइड अंजू रानी शर्मा, जिला संगठन आयुक्त आदित्य नारायण सिंह, जिला सह संगठन आयुक्त बालकृष्ण उपाध्याय, प्रेम सिंह राणा, जिला विकास समन्वयक रामकृष्ण पोखरियाल, भगवती प्रसाद रयाल, विनीता बहुगुणा, जयराम कुशवाहा, दाताराम पुर्वाल सहित विभिन्न विद्यालयों के कंटीजेंट लीडर एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्काउटिंग और गाइडिंग के कौशल का प्रदर्शन किया।
