राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया।
1 min read

ऋषिकेश : 14 नवंबर 2026
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने विद्यालय परिसर में विभिन्न सदनों के रूप में लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गौरा देवी सदन एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सी.वी. रमन सदन एंव अन्य को सम्मानित किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने विद्यालय में फर्नीचर की आवश्यकता को देखते हुए विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें अच्छे संस्कार देने में परिवार एवं विद्यालय दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के दूसरे छोर पर लगाए गए खाद्य पदार्थों के स्टालों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णानंद बिजल्वाण, PTA संघ अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, पूर्व अध्यापिका श्रीमती विभा कपूर, गंभीर सिंह तड़ियाल, आईडीपीएल के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी कैलाश चंद्र जोशी, हॉकी कोच ओम प्रकाश गुप्ता, कार्यक्रम संचालक एवं पीटीआई पंकज सती, प्रवक्ता नरेंद्र रावत, एनएससी इंचार्ज सुशील रावत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
