स्वच्छ सर्वेक्षण में मुनिकीरेती नगर पालिका का शानदार प्रदर्शन, 25-50 हजार आबादी की श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान
1 min read

मुनिकीरेती। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 से 50 हजार आबादी वाले नगर निकायों की श्रेणी में उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल किया है। पालिका की इस उपलब्धि से नगर क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड के नगर निकायों ने इस वर्ष उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में नगर निगम रुद्रपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर निगम काशीपुर को उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया।
वहीं, मुनिकीरेती नगर पालिका ने भी स्वच्छता के मोर्चे पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। पालिका ने राज्य स्तर पर स्वच्छता सर्वेक्षण में चौथा तथा नगर पालिका श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही 25 से 50 हजार की आबादी वाली श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर नगर का गौरव बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय नगरवासियों की जागरूकता और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद की ओर से स्वच्छता को लेकर लगातार विभिन्न प्रयास किए गए, जिनका सुखद परिणाम सामने आया है। हालांकि पालिका परिषद इस उपलब्धि से संतुष्ट होकर नहीं रुकेगी, बल्कि स्वच्छता के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखेगी।
उन्होंने इस सफलता के लिए नगर पालिका के सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के योगदान की सराहना की।
वहीं, अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने इस उपलब्धि को जनता के सहयोग और निकाय कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में निकाय कर्मियों ने अपना शत-प्रतिशत योगदान दिया है। भविष्य में इससे भी बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रयास जारी रहेंगे।
