घोषणा को एक साल, चीनी गोदाम सड़क आज भी बदहाल
1 min read
20 वर्षों से विकास की राह देख रहे स्थानीय लोग, निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार
नरेंद्रनगर। नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित चीनी गोदाम सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की उम्मीदें अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं। कुंजापुरी मेले के दौरान लगभग एक वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा सड़क निर्माण की घोषणा की गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में सड़क की बदहाली और निर्माण में हो रही देरी को लेकर लोगों के बीच सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चीनी गोदाम सड़क पिछले करीब 20 वर्षों से विकास की बाट जोह रही है। लंबे समय से सड़क के सुधारीकरण और निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद समस्या के समाधान की आस जगी थी, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं होने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है।
विधायक से जनता ने मांगा जवाब
सड़क निर्माण में देरी को लेकर स्थानीय लोगों ने नरेंद्रनगर विधायक से सवाल किए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में विकास के दावों के बीच चीनी गोदाम सड़क की समस्या पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। लोगों ने विधायक से सड़क का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में देरी का कारण स्पष्ट करने और काम शुरू कराने की मांग की है।
घोषणा से आगे कब बढ़ेगा विकास?
स्थानीय जनता का कहना है कि सड़क निर्माण की घोषणा के बाद अब उन्हें इसके धरातल पर उतरने का इंतजार है। लोगों के मन में सवाल है कि जब एक वर्ष पूर्व निर्माण की घोषणा की गई थी, तो अब तक काम शुरू क्यों नहीं हुआ? सड़क निर्माण की प्रक्रिया कहां तक पहुंची है और कार्य कब शुरू होगा?
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि चीनी गोदाम सड़क के निर्माण को लेकर कब तक ठोस कदम उठाते हैं और स्थानीय लोगों को 20 वर्षों से चली आ रही समस्या से कब राहत मिलती है।
