सिंचाई विभाग द्वारा नाबार्ड (NABARD) मद के अंतर्गत नहर निर्माण एवं पुनर्धार (रीमॉडलिंग) कार्य हेतु ₹3 करोड़ 40 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
1 min read

ऋषिकेश: 9 अप्रैल 2026
विधानसभा ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्रों खदरी, छिद्रवाला एवं गुलरानी के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में सिंचाई विभाग द्वारा नाबार्ड (NABARD) मद के अंतर्गत नहर निर्माण एवं पुनर्धार (रीमॉडलिंग) कार्य हेतु ₹3 करोड़ 40 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रदेश सरकार का, माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एंव कैबिनेट मंत्री आदरणीय सतपाल महाराज का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब सरकार द्वारा स्वीकृति देकर पूरा किया गया है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि नहर निर्माण एवं पुनर्धार कार्य पूर्ण होने के बाद खदरी, छिद्रवाला एवं गुलरानी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। इससे न केवल खेती की लागत में कमी आएगी, बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास एवं किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह स्वीकृति उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने भी विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत हो पाई है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नहर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा, जिससे उन्हें जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
