September 27, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

सीआईएलसीई अंडर-19 हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड उपविजेता, टिहरी के चार खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

1 min read

मुनि की रेती। बेंगलुरु स्थित मार्शल करिअप्पा हॉकी स्टेडियम में 18 से 22 सितंबर तक आयोजित सीआईएलसीई गेम्स अंडर-19 हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया।
उत्तराखंड की टीम में टिहरी गढ़वाल के चार खिलाड़ियों—श्रेयांश बिजल्वाण, सार्थक रागड़, अग्रिम डोभाल और चैतन्य प्रजापति का चयन हुआ था। चारों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से टिहरी गढ़वाल जिले के साथ ही नगर क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है।
चारों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं का खेलों में आगे बढ़ना गौरव की बात है और ऐसी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा देती हैं।

खिलाड़ियों और कोच का होगा सम्मान
चारों खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि को देखते हुए 28 सितंबर 2026 को चारों खिलाड़ियों के साथ उनके कोच को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धि को सराहा जाएगा और उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
टिहरी के इन चार होनहार खिलाड़ियों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ की प्रतिभाओं में देश और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने का पूरा दमखम है।

Breaking News