एक अक्टूबर से निष्क्रिय राशन कार्ड स्वतः होंगे बंद*
1 min read
*राशन कार्डधारक समय से राशन लें और सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराएं : जिला पूर्ति अधिकारी*
*सूचना/टिहरी/15 सितंबर, 2026;* जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने जनपद के समस्त राशन कार्डधारकों को सूचित किया है कि शासन के निर्देशों के क्रम में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत निष्क्रिय राशन कार्डों एवं दोहरे लाभार्थियों को स्वतः निष्क्रिय करने तथा पात्र पाए जाने पर पुनः सक्रिय करने की प्रक्रिया एक अक्टूबर, 2026 से लागू की जा रही है। उन्होंने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे समय से अपना राशन प्राप्त करने के साथ ही राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूर्ण कराएं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 21 तारीख को ऐसे निष्क्रिय राशन कार्ड चिन्हित किए जाएंगे, जिन पर लगातार छह माह तक राशन वितरण का कोई सफल लेन-देन दर्ज नहीं हुआ है। ऐसे राशन कार्ड आगामी माह की पहली तारीख को स्वतः निष्क्रिय कर दिए जाएंगे। राशन कार्ड को स्थायी रूप से हटाने से पहले 90 दिन की अवधि में ई-केवाईसी एवं क्षेत्रीय सत्यापन की कार्यवाही पूरी की जाएगी, ताकि वास्तविक एवं पात्र लाभार्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि दोहरे लाभार्थियों की पहचान उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आधार संख्या के मिलान के माध्यम से की जाएगी। राशन कार्ड अथवा किसी लाभार्थी के निष्क्रिय किए जाने पर पंजीकृत राशन कार्ड मुखिया के मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। इसलिए सभी राशन कार्डधारक यह सुनिश्चित करें कि उनके राशन कार्ड से सही एवं सक्रिय मोबाइल नंबर जुड़ा हुआ हो।
उन्होंने अपील की कि राशन कार्डधारक प्रत्येक माह निर्धारित अवधि में सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान से अपना राशन बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्राप्त करें। साथ ही राशन लेते समय ई-पॉस मशीन अथवा ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल एप के माध्यम से राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूर्ण कराएं। नियमित रूप से राशन लेने और ई-केवाईसी पूर्ण कराने से राशन कार्ड के निष्क्रिय होने की संभावना से बचा जा सकता है।
जिन राशन कार्डधारकों के मोबाइल नंबर गलत, बंद अथवा राशन कार्ड से जुड़े नहीं हैं, वे संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय अथवा सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर उपलब्ध मशीन के माध्यम से अपना सही मोबाइल नंबर दर्ज करा सकते हैं। मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद विभाग एवं शासन द्वारा जारी आवश्यक सूचनाएं संदेश के माध्यम से प्राप्त हो सकेंगी। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए राशन कार्डधारक अपने क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक अथवा सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता से संपर्क कर सकते हैं।
