हिंदी दिवस पर होगा भव्य कवि सम्मेलन और गोष्ठी, सुमन गौड़ को मिलेगा ‘आवाज़ रत्न सम्मान
1 min read

मुनिकीरेती में ‘आवाज़’ की बैठक: हिंदी दिवस पर होगा भव्य कवि सम्मेलन और गोष्ठी, सुमन गौड़ को मिलेगा ‘आवाज़ रत्न सम्मान’
मुनिकीरेती/ऋषिकेश:
आज 6 सितंबर को ढालवाला स्थित चंद्र पैलेस में ‘आवाज़’ साहित्यिक संस्था की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्था के अध्यक्ष अशोक ‘क्रेजी’ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी ‘राजभाषा हिंदी दिवस’ को गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर होंगे विविध आयोजन
बैठक में तय किया गया कि कार्यक्रम का आयोजन हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर होटल चंद्र पैलेस, ढालवाला में किया जाएगा। इस अवसर पर राजभाषा के संरक्षण एवं संवर्धन पर एक विचार गोष्ठी तथा भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसके साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए हिंदी कविता पाठ, संभाषण और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उनमें भाषा के प्रति रुचि बढ़ाई जाएगी।
संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन
बैठक के दौरान संस्था के उपाध्यक्ष आचार्य रामकृष्ण पोखरियाल, प्रबोध उनियाल ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम ‘गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति, ढालवाला’ एवं ‘आवाज़ साहित्यिक संस्था’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
संस्था के सचिव महेश चिटकारिया ने आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए आगामी समय में संस्था के संसाधनों को मजबूत करने पर जोर दिया, वहीं सत्येंद्र चौहान ने संस्था के सदस्यता अभियान को गति देने पर अपने विचार रखे।
सुमन गौड़ को ‘स्व. द्वारिका प्रसाद मलासी स्मृति आवाज़ रत्न सम्मान 2026’
बैठक में संस्था के वरिष्ठ सदस्यों मनोज मलासी एवं डॉ. सुनील दत्त थपलियाल ने घोषणा की कि इस वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित ‘स्व. द्वारिका प्रसाद मलासी स्मृति आवाज़ रत्न सम्मान’ प्रसिद्ध लोक संस्कृति संवाहिका एवं सांस्कृतिक कलाकार सुमन गौड़ को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान विगत डेढ़ दशक से साहित्य एवं संस्कृति के उन्नयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को दिया जाता रहा है।
नवोदित रचनाकारों को मंच देने का प्रयास
इस अवसर पर गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति के संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह भंडारी ने ,धनीराम बिंजोला नेआवाज़ साहित्यिक संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था हर वर्ष इस आयोजन को व्यापक स्तर पर आयोजित करती है और क्षेत्र के नवोदित रचनाकारों व साहित्यकारों को एक मजबूत मंच प्रदान करती है।
