राफ्टिंग सीजन से पहले सड़क-पेयजल और शौचालय की व्यवस्था होगी दुरुस्त, पर्ची सिस्टम खत्म कर ऑनलाइन व्यवस्था के निर्देश*
1 min read

*सूचना/टिहरी/03 सितंबर, 2026;*
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय, मुनिकीरेती में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में आगामी राफ्टिंग सीजन के दृष्टिगत राफ्टिंग संचालन से संबंधित नियमों एवं विनियमों, पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा तथा राफ्टिंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राफ्टिंग के पुट-इन एवं पुल-आउट प्वाइंट्स पर पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त की जाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राफ्टिंग स्थलों तक पहुंचने वाले अप्रोच रोड, सड़क एवं क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। इसके साथ ही पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राफ्टिंग सीजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने राफ्टिंग संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं में तकनीक के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा और व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए वर्तमान पर्ची सिस्टम को समाप्त कर ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। ऑनलाइन व्यवस्था से पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ ही प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
बैठक में गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति की राफ्टिंग फर्मों के संचालन एवं नवीनीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। समिति के सदस्यों एवं राफ्टिंग ऑपरेटरों ने राफ्टिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव एवं विचार रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी राफ्टिंग सीजन में पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, पर्यटन विकास अधिकारी सोवत सिंह राणा, राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं राफ्टिंग एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे।
