लंबित कार्यों में तेजी लाकर योजनाओं को समय पर पूरा करें अधिकारी- डीएम*
1 min read

*जिला योजना कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर, 15 फरवरी तक संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश*
*सूचना/पौड़ी/04 फरवरी 2026* जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला योजना के अंतर्गत अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले 17 विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 फरवरी तक कार्यों में संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के माह फरवरी का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।
बुधवार को आयोजित जिला योजना प्रगति समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला योजना के सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही एवं नियमित मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है, जिससे जनहित से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हो सकें।
कोषागार स्तर पर किसी भी बीजक का भुगतान लंबित न रहे, इसके लिए उन्होंने मुख्य कोषाधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निरंतर अनुवर्ती कार्रवाई (फॉलोअप) करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रगति और भौतिक प्रगति में संतुलन बनाए रखते हुए कार्यों को गति प्रदान की जाए।
जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चालू वित्तीय वर्ष में जिला योजना से संचालित निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति से संबंधित अद्यतन फोटोग्राफ एवं मापन पंजिका (एम.बी.) 15 फरवरी तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत विभाग को प्राप्त सभी पात्र आवेदकों को इसी माह शत-प्रतिशत लाभान्वित किया जाए तथा क्षेत्रीय चिकित्सालयों को भेजी जाने वाली दवाओं की आपूर्ति एवं वितरण की समस्त प्रक्रिया इसी माह में पूर्ण की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह व रीना नेगी, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, अभिषेक मिश्रा व अजय बेलवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, एसडीओ वन विभाग आईशा बिष्ट, एडीपीआरओ प्रदीप सुदरियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे
