November 9, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

जैनी प्रकरण में हरक सिंह रावत द्वारा मेरा नाम घसीटना दुभाग्यपूर्णः विजय बड़थ्वाल

1 min read

 

देहरादून। जैनी प्रकरण में कांग्रेस नेता डा. हरक सिंह रावत द्वारा तत्कालीन दो महिला विधायकों के नाम का उल्लेख करने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय बड़थ्वाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

करीब 23 साल के बाद जैनी प्रकरण ने राज्य की सियासत का गरमा दिया है। इस मामले में डा. हरक सिंह रावत के बयान के बाद तत्कालीन विधायक/ पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती विजय बड़थ्वाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। जारी बयान में उन्होंने कहा कि मुझे हरक सिंह रावत द्वारा जैनी प्रकरण पर हाल ही में दिए गए बयानों की जानकारी मिली है।

रावत द्वारा एक बार फिर मेरा नाम जैनी प्रकरण में घसीटा जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। रावत जी जैसे राजनेता, जो कई ज़िम्मेदार पदों पर रह चुके हैं, उनके द्वारा ऐसी टिप्पणियां किया जाना बेहद निंदाजनक है। उनका यह आरोप पूरी तरह से निराधार है कि मैंने और आशा नौटियाल जी ने जैनी को हरक सिंह रावत जी के खिलाफ उकसाया था।

वे बार-बार मुझ पर और आशा नौटियाल जी पर मानहानि का मुकदमा करने की धमकी देते हैं, तो हरक सिंह रावत को सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए और बताना चाहिए कि मैंने आखिर ऐसा क्या किया है जिससे उनकी मानहानि या छवि खराब हुई है।

श्रीमती बड़थ्वाल ने स्पष्ट किया कि अपने कई वर्षों के राजनीतिक सफर में चाहे वह विधायक, मंत्री, विधानसभा के उपाध्यक्ष या महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में रहा हो मेरे राजनीतिक करियर बेदाग रहा है। यमकेश्वर की जनता इस पर मुहर भी लगाती रही है। जनता ने उन्हें लगातार तीन बार चुनकर अपना आशीर्वाद दिया है, और मुझे पूरा विश्वास है कि यमकेश्वर की देवतुल्य जनता आगामी चुनावों में भी पुनः चौथी बार मुझ पर अपना विश्वास जताएगी ।

मैं स्पष्ट करना चाहती हूँ कि उस समय राज्य में कांग्रेस की सरकार थीऔर हरक सिंह रावत जी सरकार में मंत्री थे। उस समय तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य जी द्वारा श्री काशी सिंह ऐरी जी की अध्यक्षता में एक पांच सदस्यीय विधानसभा समिति का गठन किया गया था, जिसमें मैं भी एक विधायक के रूप में शामिल थी।

इस समिति के अन्य सदस्यों में अजय भट्ट, आशा नौटियाल और तत्कालीन जिलाधिकारी शासकीय प्रतिनिधि के रूप में शामिल थीं। यह समिति पीड़िता जैनी की बात सुनने के लिए नारी निकेतन गई थी। वहाँ उनकी आपबीती सुनने के बाद समिति सदस्यों की आँखें नम हो गईं थीं। समितिकी रिपोर्ट में समिति ने वही सब हूबहू लिखा, जो जैनी ने स्वयं सदस्यों को बताया था।

मेरा हरक सिंह रावत जी या जैनी से कोई व्यक्तिगत लेना-देना नहीं है। अंकिता भंडारी और जैनी जैसी हमारी पीड़ित बेटियों के नाम पर राजनीतिक दलों को ओछी राजनीति बंद करनी चाहिए। हम सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर, इंसानियत के नाते इनके न्याय की लड़ाई लड़नी होगी।

अंकिता और जैनी का विषय अत्यंत संवेदनशील है। देवभूमि की राजनीति के स्तर को कभी गिरने नहीं दिया जाना चाहिए, इसकी शुचिता और गरिमा हर हाल में बनी रहनी चाहिए।

Breaking News