नव मधुवन आश्रम की सेवा पहल: ओणी विद्यालय के 58 विद्यार्थियों को निःशुल्क गर्म ट्रैकसूट वितरित
1 min read

20 वर्षों से नरेंद्रनगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जरूरतमंद बच्चों की मदद कर रहा आश्रम, सर्दियों में अन्य स्कूलों को भी बांटे जाएंगे गर्म कपड़े
मुनिकीरेती-ढालवाला/नरेंद्रनगर। सर्दियों के मौसम को देखते हुए नव मधुवन आश्रम, मुनिकीरेती-ढालवाला, टिहरी गढ़वाल की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओणी, नरेंद्रनगर में 58 विद्यार्थियों को निःशुल्क गर्म ट्रैकसूट वितरित किए गए। आश्रम की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म वस्त्र उपलब्ध कराना और उनकी शिक्षा में सहयोग देना है।
नव मधुवन आश्रम की ओर से नरेंद्रनगर क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से विभिन्न विद्यालयों में सेवा कार्य किए जा रहे हैं। आश्रम द्वारा विद्यार्थियों को गर्म वस्त्र उपलब्ध कराने के साथ-साथ समय-समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन, भोजन व्यवस्था, विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा बच्चों की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहयोग दिया जाता है।
आश्रम की ओर से बताया गया कि आगामी सर्दियों के मौसम में क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को गर्म वस्त्र वितरित किए जाएंगे। इस सेवा अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके बेहतर भविष्य की दिशा में सहयोग करना है।
इस अवसर पर मधुवन आश्रम के अध्यक्ष श्री परमानंद दास महाराज, दिल्ली से आए अर्जुन दास , राजीव सोनी, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
