February 16, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

एयर एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश लाए गए घायल यात्री को उपचार हेतु अस्पताल की ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। यात्री के सिर पर गंभीर चोटें हैं और उसे वेन्टिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

1 min read

ऋषिकेश : केदारनाथ मार्ग में घायल हुए उड़िशा के तीर्थयात्री की हालत गंभीर बनी हुई है। एयर एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश लाए गए घायल यात्री को उपचार हेतु अस्पताल की ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। यात्री के सिर पर गंभीर चोटें हैं और उसे वेन्टिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

केदारनाथ से घायल यात्री को बृहस्पतिवार दोपहर के समय हेलीकॉप्टर द्वारा सोनप्रयाग ( रूद्रप्रयाग ) से एम्स ऋषिकेश लाया गया था। झारसुगुडा, उड़िशा निवासी 61 वर्षीय तीर्थयात्री पंचानन बराई के उपचार के बारे में जानकारी देते हुए एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यात्री के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, उनके सिर पर गहरे जख्म हैं। यात्री के सिर से खून ज्यादा बह जाने के कारण वह बेहोशी की अवस्था में है। नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें वेन्टिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि ट्रॉमा विभाग के चिकित्सकों द्वारा घायल यात्री का उपचार किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि गौरीकुण्ड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न लगभग 10 बजे यह घटना उस दौरान हुई जब यह तीर्थयात्री अपनी पत्नी के साथ केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए गौरीकुंड से घोड़ा पड़ाव की ओर जा रहा था। घोड़ा पड़ाव के पास अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से यात्री गंभीररूप से घायल हो गया। यात्रा मार्ग पर तैनात चिकित्सकों द्वारा घायल तीर्थयात्री का प्राथमिक उपचार किया गया लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में रूद्रप्रयाग जिला प्रशासन के सहयोग से यात्री को एयर लिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News