रिखणीखाल सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों को मिलेगी छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता*
1 min read
*प्रधानमंत्री ने दो लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री ने चार लाख की सहायता की घोषणा की*
*जिलाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा, अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को बंधाया ढांढस*
*सूचना/पौड़ी/28 नवम्बर 2026:*
जनपद के रिखणीखाल क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये तथा प्रधानमंत्री ने दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस प्रकार प्रत्येक मृतक के आश्रित परिवार को कुल छह लाख रुपये की सहायता मिलेगी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को एयरलिफ्ट किया गया।
स्थानीय विधायक महंत दिलीप रावत तथा जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने शहीद हरेंद्र सिंह रावत मेमोरियल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रिखणीखाल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। जिलाधिकारी ने कहा कि हर प्रकार की आवश्यकता के लिए प्रशासन परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चार घायलों को प्रधानमंत्री राहत सहायता के लिए ई-डीएआर पोर्टल पर पंजीकृत कराया गया है।
