November 26, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर ,ग्राम सभा हरिपुर कला स्थित स्वामी सत्यमित्रानंद राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों के पद स्वीकृत किए जाने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

1 min read

 

ऋषिकेश : 26 नवंबर 2026

 

ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा हरिपुर कला स्थित स्वामी सत्यमित्रानंद राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों के पद स्वीकृत किए जाने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

 

इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने मंत्री को अवगत कराया कि हरिपुर कला की आबादी लगभग 30 से 35 हजार है। इतनी बड़ी आबादी वाले क्षेत्र में मात्र एक ही राजकीय इंटर कॉलेज संचालित है, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद विद्यालय में शिक्षकों के पर्याप्त पद स्वीकृत न होने से विद्यार्थियों को गंभीर शैक्षणिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

 

उन्होंने बताया कि विद्यालय में हिंदी एवं समाजशास्त्र विषय संचालित होने के बावजूद इन विषयों के अध्यापकों के पद स्वीकृत नहीं हैं। वहीं भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गणित जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद भी स्वीकृत न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को इन विषयों की पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय कर दूसरे विद्यालयों में जाना पड़ता है।

 

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का मूल अधिकार है और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिलने चाहिए। हरिपुर कला जैसे बड़ी आबादी वाले क्षेत्र में एकमात्र राजकीय इंटर कॉलेज होने के दृष्टिगत यहां शिक्षकों के आवश्यक पदों का सृजन एवं स्वीकृति अत्यंत जरूरी है।

 

उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री से जनहित एवं विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में हिंदी, समाजशास्त्र, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान एवं गणित सहित आवश्यक विषयों के अध्यापकों के पद शीघ्र स्वीकृत कराने का अनुरोध किया, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें जिस पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने शिक्षा सचिव ज्योति यादव को उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

You may have missed

Breaking News