टिहरी से भाजपा की उर्मिला राणा और चंबा से कांग्रेस के शक्ति जोशी ने दर्ज की जीत, मुनिकीरेती से गजेंद्र सिंह सजवाण निर्विरोध निर्वाचित*
1 min read

*नगर निकायों से जिला योजना समिति के तीन सदस्य निर्वाचित*
*सूचना/टिहरी/16 अक्टूबर, 2026* जनपद में नगर निकायों से जिला योजना समिति (डीपीसी) के तीन सदस्यों का निर्वाचन शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। टिहरी नगर पालिका क्षेत्र से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी उर्मिला राणा और चंबा से कांग्रेस के शक्ति प्रसाद जोशी निर्वाचित हुए, जबकि मुनिकीरेती क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र सिंह सजवाण निर्विरोध चुने गए। सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय ढुकलान ने तीनों निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में शुक्रवार को नगरपालिका कार्यालय बौराड़ी में टिहरी और चंबा प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सुबह आठ बजे से मतदान हुआ। अपराह्न तीन बजे मतगणना शुरू हुई।
टिहरी नगर पालिका क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी उर्मिला राणा को आठ, कांग्रेस के नवीन सेमवाल को छह और निर्दलीय विनीत उनियाल को चार मत मिले। उर्मिला राणा ने दो मतों से जीत दर्ज की। वहीं, चंबा क्षेत्र में कांग्रेस के शक्ति प्रसाद जोशी को 15, भाजपा के सोबन सिंह नेगी को 13 और निर्दलीय अरुण रतूड़ी को पांच मत प्राप्त हुए। शक्ति प्रसाद जोशी दो मतों से निर्वाचित हुए।
मुनिकीरेती क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र सिंह सजवाण निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत से जिला योजना समिति के 17 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
