माँ पावकी देवी मंदिर का भव्य उद्घाटन, 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
1 min read

तीन वर्षों की मेहनत, डेढ़ करोड़ की लागत से साकार हुआ माँ का भव्य धाम!
नवरात्र के पावन अवसर पर माँ पावकी देवी मंदिर का भव्य उद्घाटन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल जी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माँ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
तीन वर्षों की अथक मेहनत से हुआ निर्माण
मंदिर समिति के अनुसार, लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से तीन वर्षों में मंदिर निर्माण कार्य पूरा हुआ। मंदिर का उद्घाटन कुल पुरोहितों के दिव्य मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा
जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष जगवीर जेठुरी, सचिव गजेंद्र राणा, कोषाध्यक्ष दीवान जेठुरी, उपाध्यक्ष धरेन्द्र राणा सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला राणा, ज्येष्ठ उपप्रमुख गीता दवाण, ग्राम प्रधान बैजन्ती देवी, बीडीसी सदस्य सुनैना देवी तथा दोगी पट्टी क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
विकास की नई उम्मीद, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मंदिर समिति के अनुसार, प्रदेश सरकार के सहयोग से 1.30 करोड़ रुपये की लागत के सामुदायिक भवन और एक करोड़ रुपये के सौंदर्यीकरण संबंधी प्रस्तावों को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इन योजनाओं के साकार होने से मंदिर क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार होगा और माँ पावकी देवी मंदिर भविष्य में क्षेत्रीय पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
मंदिर समिति ने जताया आभार
मंदिर समिति ने मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले सभी सहयोगकर्ताओं और माँ के भक्तों का आभार व्यक्त किया
