February 24, 2026

JMG News

No.1 news portal of Uttarakhand

शिक्षा विभाग को मिले चार नवनियुक्त उप शिक्षाधिकारी

1 min read

 

*प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है*

 

*सूचना/पौड़ी/02 अप्रैल,2025ः* शिक्षा विभाग पौड़ी को चार नये उप शिक्षा अधिकारी मिल गये हैं। राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित इन उप शिक्षाधिकारियों को जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा, नैनीडांडा, कोट व रिखणीखाल में तैनाती मिली है। इनकी नियुक्ति से विभागीय कार्यों में तेजी आने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी सुधार हो सकेंगे।

राज्य सरकार द्वारा विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार के साथ-साथ शैक्षणिक, प्रशासनिक और शिक्षणेत्तर संवर्गों के रिक्त पदों को भी भरा जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत नव नियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और विभागीय कार्यों में गति आएगी। मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र सिंह बर्तवाल ने बताया कि जनपद में चार नवनियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों की तैनाती हो गई है, जबकि 10 पहले से ही कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि विकासखंड नैनीडांडा में रवि कुमार, कोट में भारती गैरोला, रिखणीखाल में किरण नेगी और पोखड़ा में मनोज जोशी ने उप शिक्षा अधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने बताया कि जिले में 15 विकासखंड हैं। नये चार उप शिक्षा अधिकारियों के नियुक्ति के बाद 14 विकासखंडों में पद भर गये हैं। वर्तमान में सिर्फ दुगड्डा विकासखंड में उप शिक्षा अधिकारी का पद रिक्त है, इस पद पर भी जल्द नियुक्ति होने की उम्मीद है। उन्होंने सभी नवनियुक्त उप शिक्षा अधिकारियों को बधाई दी और उनसे उम्मीद जताई कि वे अपने कार्यों और दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे।

*जोशी रह चुके हैं राज्यकर अधिकारी*

उप शिक्षा अधिकारी पोखड़ा मनोज जोशी ने इससे पूर्व राज्य कर अधिकारी के पद पर लगभग 05 साल की सेवाएं दी हैं। वहीं उपशिक्षा अधिकारी रिखणीखाल किरण नेगी इससे पूर्व पंजाब एवं सिंध बैंक में अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने पंजाब एवं सिंध बैंक में 09 साल की सेवाएं दी हैं।

Breaking News